बोर्ड एग्जाम या क्रिकेट? 14 साल के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का बड़ा फैसला चौंकाएगा
Mumbai : भारत के 14 वर्षीय स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा देने से परहेज किया है। अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने मंगलवार को खुलासा किया कि उनका बेटा फिलहाल क्रिकेट पर पूरा फोकस कर रहा है और राजस्थान रॉयल्स के प्री-सीजन कैंप में हिस्सा ले रहा है।
संजीव ने मिड-डे को बताया कि वैभव अभी नागपुर में हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स का प्री-सीजन कैंप चल रहा है। इस साल वह बोर्ड परीक्षा नहीं देगा। अगर परीक्षा देने जाता तो खेल पर ध्यान नहीं दे पाता। वैभव एक होनहार छात्र है, उसके सभी विषयों में 90 प्रतिशत से अधिक नंबर आते थे, लेकिन अभी उसकी प्राथमिकता क्रिकेट है। वह अगले साल दोबारा बोर्ड परीक्षा देगा।
परीक्षा में अनुपस्थित रहे वैभव
मंगलवार, 17 फरवरी को वैभव सूर्यवंशी पोदार इंटरनेशनल स्कूल में अनुपस्थित रहे। स्कूल के प्रिंसिपल एन.के. सिन्हा ने बताया कि नियमानुसार उन्हें अनुपस्थित मार्क किया गया है।
अंडर-19 विश्व कप में कमाल
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में समाप्त अंडर-19 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर खिताब जीता था। फाइनल में वैभव ने 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 7 मैचों में 439 रन बनाए और भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
क्रिकेट पर फोकस, पढ़ाई अगले साल
संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि वैभव का फैसला पूरी तरह सोच-समझकर लिया गया है। क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद अब वह आईपीएल और आगे के बड़े टूर्नामेंट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। परिवार ने फैसला किया है कि पढ़ाई को अगले साल प्राथमिकता दी जाएगी।
