रूस में टेनिस की ट्रेनिंग देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बने ब्रजभूषण यादव, 45 दिन का कैंप पूरा कर लौटे वाराणसी
वाराणसी: शहर के टेनिस कोच ब्रजभूषण यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वाराणसी और पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। रूस के समारा शहर में आयोजित 45 दिवसीय टेनिस प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर वह रूस में टेनिस की कोचिंग देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बन गए हैं। कैंप पूरा करने के बाद ब्रजभूषण यादव अब वाराणसी लौट आए हैं।

रविंद्रपुरी निवासी ब्रजभूषण यादव को टेनिस कोचिंग के क्षेत्र में करीब आठ वर्षों का अनुभव है। रूस के समारा में आयोजित कॉसमॉस कैंप में उन्होंने करीब 100 खिलाड़ियों को टेनिस की बारीकियां सिखाईं। यह प्रशिक्षण शिविर 10 जून से 9 अगस्त 2026 तक चला, जिसमें ब्रजभूषण ने 45 दिनों तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
IIT-BHU की टीम को भी दे चुके हैं प्रशिक्षण
टेनिस कोच राहुल के अनुसार, ब्रजभूषण यादव ने वर्ष 2019 में आईआईटी बीएचयू में संविदा टेनिस कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू किया था। उनके मार्गदर्शन में आईआईटी बीएचयू की टेनिस टीम ने लगातार चार वर्षों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
ब्रजभूषण यादव ने पिछले महीने आईआईटी बीएचयू के टेनिस कोच पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्हें रूस के समारा में आयोजित कॉसमॉस कैंप में कोचिंग देने का मौका मिला। करीब 100 खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षित करना उनके कोचिंग करियर की अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव से वाराणसी के खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
रूस में 45 दिनों तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के बाद ब्रजभूषण यादव वाराणसी लौट आए हैं। उनकी इस उपलब्धि से शहर और पूरे पूर्वांचल के टेनिस खिलाड़ियों के साथ खेल प्रेमियों में खुशी है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कैंप में काम करने का अनुभव हासिल करने के बाद अब उम्मीद है कि ब्रजभूषण यादव के अनुभव का लाभ वाराणसी के युवा टेनिस खिलाड़ियों को भी मिलेगा। उनकी यह उपलब्धि स्थानीय खिलाड़ियों के लिए न सिर्फ प्रेरणा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की नई राह भी दिखाती है।
