Movie prime

गेंदबाजों की पैंट उतार देता... 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू में देरी पर भड़के रवि शास्त्री
 

 
SD
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में जगह मिली थी। हालांकि, आयरलैंड दौरे पर उन्हें इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिला। इसके बाद 1 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया, जिससे क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई।

पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री ने भी टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वैभव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को जल्द से जल्द मौका मिलना चाहिए।

सोनी स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान रवि शास्त्री ने कहा, "अरे, वो खेलना चाहिए था यार। आयरलैंड में ट्रैक धीमा और स्पॉन्जी था। छोटा मैदान था, वहां वह गेंदबाजों को सीधे स्टेडियम की छत पर मारता। वो उनकी पैंट उतार देता। उसे वहां जरूर खिलाना चाहिए था।"

उन्होंने आगे कहा, "उसने आईपीएल में हर बड़े तेज गेंदबाज की धज्जियां उड़ाई हैं। उसने किसी को नहीं बख्शा और आप उसे बेंच गर्म करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। अब इंग्लैंड में खेलेगा या नहीं, मुझे नहीं पता, लेकिन उसे जितनी जल्दी हो सके मौका देना चाहिए।"

वैभव को बताया टीम का 'एक्स-फैक्टर'

रवि शास्त्री ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम का संभावित 'एक्स-फैक्टर' बताते हुए कहा कि 15 साल की उम्र में उन पर किसी तरह का दबाव नहीं है। उनके पास युवा जोश है, खेलने का बेखौफ अंदाज है और खोने के लिए कुछ भी नहीं है।

शास्त्री का मानना है कि अगर वैभव शुरुआती दो-तीन ओवर क्रीज पर टिक जाते हैं, तो वह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम को तूफानी शुरुआत दिला सकते हैं, जिससे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए मैच आसान हो जाएगा।

अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें भारतीय टीम मैनेजमेंट पर टिकी हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ आगामी मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं।