Movie prime

ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, भारत से श्रीलंका शिफ्ट नहीं होंगे मैच

 
ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, भारत से श्रीलंका शिफ्ट नहीं होंगे मैच
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

New Delhi/Dhaka : टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और आईसीसी के बीच चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश की ओर से यह मांग की गई थी कि भारत में होने वाले उनके मैच सुरक्षा कारणों से श्रीलंका शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। आईसीसी ने बीसीबी को सुरक्षा का भरोसा देते हुए जल्द अंतिम फैसला लेने का अल्टीमेटम भी दिया है।

ICC ने दिया 24–48 घंटे का समय

आईसीसी इस मुद्दे पर पहले ही बीसीबी से बातचीत कर चुका है और उन्हें स्पष्ट कर दिया गया है कि भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है। इसके बावजूद बांग्लादेश ने अपनी सरकार से सलाह लेने की बात कही है। आईसीसी ने उन्हें 24 से 48 घंटे का अतिरिक्त समय दिया है, जिसके भीतर उन्हें अपना रुख स्पष्ट करना होगा।

सरकार लेगी खिलाड़ियों की राय

इस बीच बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल आज (22 जनवरी) टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ढाका के होटल इंटरकॉन्टिनेंटल में दोपहर करीब 3 बजे होगी। सरकार इस मीटिंग के जरिए खिलाड़ियों की राय जानना चाहती है, ताकि बाद में किसी तरह के विरोध या असहमति की स्थिति न बने। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी बैठक में यह तय किया जा सकता है कि बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत जाएगी या नहीं।

ICC बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश को बड़ा झटका

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई आईसीसी बोर्ड मीटिंग में सभी 16 सदस्य देशों ने हिस्सा लिया। बांग्लादेश की ओर से अमीनुल इस्लाम ने प्रस्ताव रखा कि उनकी टीम को जिम्बाब्वे या आयरलैंड के साथ स्वैप कर दिया जाए, ताकि उनके मैच अपने आप श्रीलंका शिफ्ट हो जाएं।
आईसीसी ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जिसके बाद वेन्यू बदलने को लेकर वोटिंग कराई गई।

वोटिंग में बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा— 16 में से सिर्फ 2 देशों ने वेन्यू बदलने के पक्ष में वोट किया। इनमें बांग्लादेश और पाकिस्तान शामिल थे, जबकि बाकी सभी सदस्य देशों ने आईसीसी के फैसले का समर्थन किया।

पाकिस्तान ने किया समर्थन, लेकिन बहिष्कार से इनकार

इस मुद्दे पर बांग्लादेश के समर्थन में सिर्फ पाकिस्तान सामने आया। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ कर दिया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार नहीं करेगा। पीसीबी का तर्क है कि सुरक्षा कारणों से ही टीम इंडिया के मैच पाकिस्तान से दुबई शिफ्ट किए गए थे, इसलिए बांग्लादेश की चिंता को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

खिलाड़ियों से बात न होने पर उठे सवाल

इस पूरे विवाद के बीच बांग्लादेश के टी20 कप्तान लिटन दास ने पहले ही कहा था कि इस अहम मुद्दे पर न तो सरकार और न ही बोर्ड ने खिलाड़ियों से कोई चर्चा की है। ऐसे में आज होने वाली बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।

अब सबकी नजरें बांग्लादेश सरकार और बीसीबी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सकेगा कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलेगा या नहीं।