IND vs PAK T20 World Cup 2026: आज कोलंबो में महामुकाबला, जानें कैसा रहेगा मौसम?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब कुछ ही घंटों दूर है। रविवार, 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान की टीमें कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस हाई वोल्टेज मैच पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हैं। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
इस मैच में भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं, जबकि पाकिस्तान की अगुवाई सलमान अली आगा के हाथों में है। टूर्नामेंट से पहले बहिष्कार के विवाद के बावजूद आखिरकार दोनों टीमें मैदान पर उतरने को तैयार हैं।
शानदार फॉर्म में दोनों टीमें
भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने-अपने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 4-4 अंक हासिल कर लिए हैं। ऐसे में यह मैच सुपर-8 में जगह पक्की करने के लिहाज से बेहद अहम हो गया है। नेट रन रेट के आधार पर भारत फिलहाल ग्रुप ए में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर है।
कब और कहां देखें लाइव?
भारत-पाकिस्तान मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर होगा। इसके अलावा जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। दर्शक इस मैच को डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में भी देख सकते हैं।
संभावित प्लेइंग XI
भारत:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
पाकिस्तान:
सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।
पिच और मौसम रिपोर्ट
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है। शुरुआत में घास के कारण अच्छी उछाल मिलती है, लेकिन मैच आगे बढ़ने पर स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। बल्लेबाजों को पहले सेट होकर खेलना होगा, क्योंकि बिना साझेदारी के आक्रामक बल्लेबाजी जोखिम भरी साबित हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश की संभावना है। तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जबकि नमी 86 प्रतिशत तक जा सकती है। अधिक आर्द्रता खिलाड़ियों की फिटनेस की परीक्षा ले सकती है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने 13 और पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भी भारत का पलड़ा भारी रहा है। 8 मुकाबलों में से 7 में भारत ने जीत दर्ज की है। हालांकि 2021 में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
अगर बारिश से रद्द हुआ मैच तो?
ग्रुप स्टेज में कोई रिजर्व डे नहीं है। अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे। ऐसी स्थिति में भारत का सुपर-8 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा और पाकिस्तान भी क्वालीफाई कर जाएगा।
भारत अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला नीदरलैंड्स से खेलेगा, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत नामीबिया से होगी।
क्रिकेट प्रेमियों को आज एक और रोमांचक भारत-पाकिस्तान मुकाबले की उम्मीद है, जहां हर गेंद के साथ रोमांच चरम पर होगा।
