क्या रोहित शर्मा का बल्ला देगा जवाब? लॉर्ड्स में भारत-इंग्लैंड के बीच आज 'करो या मरो' की जंग
India vs England 3rd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का रोमांच रविवार को अपने चरम पर पहुंच जाएगा। ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर दोनों टीमें निर्णायक मुकाबले में आमने-सामने होंगी। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, वही ट्रॉफी अपने नाम करेगी। लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा पर रहेंगी, जिनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
क्या रोहित शर्मा बल्ले से देंगे जवाब?
39 वर्षीय रोहित शर्मा पिछले दो मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। उनके भविष्य और संन्यास को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं, हालांकि बीसीसीआई पहले ही इन अटकलों को खारिज कर चुका है।
अब निर्णायक मुकाबले में रोहित के सामने आलोचकों को बल्ले से जवाब देने का सुनहरा मौका होगा। बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाने वाली लॉर्ड्स की पिच पर उनसे टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।
गिल-रोहित की साझेदारी होगी जीत की कुंजी
भारतीय कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा की ओपनिंग साझेदारी इस मुकाबले में बेहद अहम होगी। यदि दोनों शुरुआती ओवरों में मजबूत नींव रखते हैं तो भारत बड़े स्कोर की ओर बढ़ सकता है।
मध्यक्रम में विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और ईशान किशन से भी जिम्मेदार बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी, क्योंकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, सैम करन और अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद भारतीय बल्लेबाजी की कड़ी परीक्षा लेंगे।
बुमराह पर होगी इंग्लैंड को रोकने की जिम्मेदारी
गेंदबाजी में एक बार फिर टीम इंडिया की उम्मीदें जसप्रीत बुमराह पर टिकी होंगी। उनके साथ भारतीय गेंदबाजों को हैरी ब्रूक, जो रूट और जोस बटलर जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को जल्दी रोकना होगा। शुरुआती विकेट भारत की जीत की राह आसान बना सकते हैं।
लॉर्ड्स का रिकॉर्ड क्या कहता है?
लॉर्ड्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, विकेट थोड़ा धीमा हो जाता है। ऐसे में यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिलता है।
आंकड़े भी यही बताते हैं कि 2017 के बाद से लॉर्ड्स में लक्ष्य का पीछा करने वाली कोई भी टीम वनडे मुकाबला नहीं जीत सकी है। इसलिए टॉस भी इस मैच में बेहद अहम भूमिका निभा सकता है।
22 साल बाद लॉर्ड्स में जीत का इंतजार
भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में अब तक 9 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें 4 जीत दर्ज की हैं। इनमें 1983 विश्व कप फाइनल की ऐतिहासिक जीत भी शामिल है।
हालांकि भारत ने इस मैदान पर आखिरी वनडे जीत 2004 में दर्ज की थी। इसके बाद 2011 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया मुकाबला टाई रहा था। ऐसे में टीम इंडिया के पास 22 साल बाद लॉर्ड्स में जीत का सूखा खत्म करने का सुनहरा अवसर है।
वाशिंगटन सुंदर बाहर, हर्ष दुबे को मौका
दूसरे वनडे में वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए थे। उनकी जगह ऑलराउंडर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। वहीं अंतिम एकादश में कुलदीप यादव को भी मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
