Movie prime

एशिया कप में भारत का पहला मुकाबला आज, थाईलैंड के खिलाफ जीत से अभियान शुरू करने उतरेगी हरमनप्रीत की टीम

महिला टी20 एशिया कप में भारतीय टीम रविवार को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। हरमनप्रीत कौर की टीम हालिया खराब प्रदर्शन और निरंतरता की कमी को पीछे छोड़कर जीत से शुरुआत करना चाहेगी। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और मध्यक्रम के प्रदर्शन के साथ फील्डिंग पर भी नजर रहेगी।

 
India vs Thailand Women
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

India vs Thailand Women: हालिया प्रदर्शन में निरंतरता की कमी से जूझ रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को महिला टी20 एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ करेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम की कोशिश इस मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करने की होगी।

पिछले एक दशक में महिला टी20 एशिया कप में भारत का दबदबा रहा है। 2016-17 से खेले गए टी20 प्रारूप के पांच संस्करणों में भारतीय टीम तीन बार खिताब अपने नाम कर चुकी है। हालांकि, इस बार टीम के सामने चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि 2026 में खेले गए 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत को नौ में हार मिली है।

महिला टी20 विश्व कप में भी भारतीय टीम उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी थी और ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी। टूर्नामेंट में भारत को आखिरी हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी। ऐसे में एशिया कप में टीम के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।

थाईलैंड के खिलाफ जीत से शुरुआत पर नजर

आठ टीमों वाले महिला टी20 एशिया कप में भारत को ग्रुप-ए में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। टीम की नजर न सिर्फ ग्रुप चरण में मजबूत प्रदर्शन करने पर होगी, बल्कि एशिया कप के बाद होने वाले एशियाई खेलों को देखते हुए अपनी तैयारियों को भी परखने का मौका मिलेगा।

भारत दोनों प्रतियोगिताओं में खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल है। ऐसे में थाईलैंड के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए आत्मविश्वास वापस हासिल करने का अहम अवसर माना जा रहा है।

हरमनप्रीत के प्रदर्शन में निरंतरता बड़ी चिंता

हरमनप्रीत कौर ने महिला टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया था। हालांकि, उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी टीम के लिए चिंता बनी हुई है। कप्तान से इस टूर्नामेंट में जिम्मेदारी लेकर टीम को आगे से नेतृत्व देने की उम्मीद होगी।

जेमिमा रोड्रिग्स के बाहर होने से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को भी झटका लगा है। एशिया कप और एशियाई खेलों के लिए उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है। जेमिमा की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम के सामने पारी को संभालने और रन गति बनाए रखने की चुनौती होगी।

मंधाना-शेफाली की ओपनिंग जोड़ी पर नजर

भारत के पास स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के रूप में मजबूत सलामी जोड़ी है। दोनों से टीम को तेज और अच्छी शुरुआत दिलाने की उम्मीद होगी। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती पारी की लय को बरकरार रखते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाने की होगी।

फील्डिंग में सुधार जरूरी

भारतीय टीम के लिए बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग भी अहम क्षेत्र रहेगा। पिछली बार टी20 प्रारूप में खेलते हुए टीम की खराब फील्डिंग चिंता का कारण बनी थी। कई महत्वपूर्ण कैच छूटे थे, जिसका असर मैच के नतीजों पर भी पड़ा।

ऐसे में थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ फील्डिंग में भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। एशिया कप और उसके तुरंत बाद होने वाले एशियाई खेलों को देखते हुए यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए अपनी कमजोरियों को दूर करने का महत्वपूर्ण मौका है।