29 जून हमेशा याद रहेगा…आयरलैंड सीरीज की हार के बीच सूर्यकुमार यादव का क्यों छलका दर्द, शेयर किया इमोशनल पोस्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप 2024 की ऐतिहासिक जीत को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। 29 जून 2024 को भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 11 साल से चले आ रहे आईसीसी ट्रॉफी के इंतजार को खत्म किया था।
हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में मिली इस हार के बीच सूर्यकुमार यादव की पोस्ट ने क्रिकेट प्रेमियों को दो साल पहले की उस ऐतिहासिक जीत की याद दिला दी।
भावुक पोस्ट में बयां की यादें
सूर्यकुमार यादव ने विश्व कप जीत की दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, खेल में कुछ पल ऐसे होते हैं जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। हर कुर्बानी, हर मुश्किल, हर प्रैक्टिस सेशन और दर्शकों से मिला हर हौसला... इन सबने मिलकर उस यादगार रात को संभव बनाया।"
उन्होंने आगे लिखा, बेहतरीन साथियों के साथ इस पल को साझा करना और दुनिया भर के करोड़ों भारतीयों के साथ इस जीत का जश्न मनाना मेरे लिए गर्व की बात है। फाइनल से पहले, उसके दौरान और उसके बाद भी आपने जो प्यार दिया, उसके लिए दिल से धन्यवाद। 29 जून 2024 हमेशा हमारे लिए एक खास दिन रहेगा।
There are moments in sport that stay with you forever.
— Surya Kumar Yadav (@surya_14kumar) June 29, 2026
Every sacrifice, every setback, every practice session, every cheer from the stands- it all led to that unforgettable night.
Proud to have shared it with an incredible group of people and to have experienced it with… pic.twitter.com/MEsj4h2N9m
टीम इंडिया में वापसी की राह कठिन
सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। कप्तानी से हटाए जाने के बाद उन्हें हालिया टी20 सीरीज के लिए भी टीम में जगह नहीं मिली। मौजूदा टीम संयोजन और युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनकी वापसी आसान नहीं मानी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
सूर्यकुमार यादव ने अब तक भारत के लिए 1 टेस्ट, 37 वनडे और 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 8 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में उनके नाम 773 रन दर्ज हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और अब तक 3272 रन बना चुके हैं।
टी20 विश्व कप 2024 की दूसरी वर्षगांठ पर सूर्यकुमार यादव की यह भावुक पोस्ट क्रिकेट प्रेमियों के लिए उन सुनहरे पलों को फिर से ताजा कर गई, जब पूरी दुनिया ने टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनते देखा था।
