मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेने पर कपिल देव का आया मजेदार रिएक्शन, दे डाली ये सलाह
एशिया कप 2026 जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ट्रॉफी न लेने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, खिताबी जीत के बाद टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
इस पूरे मामले पर अब भारत को 1983 का विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव की प्रतिक्रिया सामने आई है। जब उनसे भारतीय महिला टीम के मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बेहद संक्षिप्त और मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। कपिल देव ने कहा, “उन सभी को गोल्फ खेलना चाहिए।”
कपिल देव का यह बयान सोशल मीडिया और क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कपिल देव का झुकाव गोल्फ की ओर रहा है और वह गोल्फ से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहते हैं।
2025 में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
यह पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय क्रिकेट टीम ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार किया हो। साल 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप का खिताब जीता था। उस दौरान भी भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी।
अब महिला टीम के साथ भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। खिताब जीतने के बावजूद भारतीय महिला टीम को आधिकारिक ट्रॉफी समारोह में नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं मिली और टीम बिना ट्रॉफी के ही भारत लौट आई।
BCCI ने बताई थी ट्रॉफी न लेने की वजह
ट्रॉफी समारोह के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने इस पूरे मामले पर सफाई दी थी। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने पहले ही ACC को स्पष्ट कर दिया था कि वह मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी।
सैकिया के मुताबिक, पहलगाम हमले के बाद मोहसिन नकवी की ओर से भारत के खिलाफ दिए गए बयानों को देखते हुए भारतीय टीम ने यह फैसला लिया था। BCCI ने ACC से यह भी कहा था कि नकवी की जगह UAE क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और ACC के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी के हाथों टीम ट्रॉफी ले सकती है। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और ट्रॉफी समारोह को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
