काशी की बेटी प्रीति पटेल ने एशियन चैम्पियनशिप में जीता कांस्य, मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया सम्मानित
वाराणसी। तजाकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित कुराश एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर काशी का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रीति पटेल का बुधवार को भव्य सम्मान किया गया। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के मथुरापुर भरथरा गांव में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रीति पटेल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल काशी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सम्मान समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रीति की सफलता यह साबित करती है कि यदि प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले तो ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहरा सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रीति भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने प्रीति पटेल को शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
