Movie prime

भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाशदीप बने बिहार पुलिस में डीएसपी, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

 
मुकेश कुमार और आकाशदीप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

पटना। बिहार सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाशदीप की खेल कोटे से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी दे दी है। गृह विभाग की आरक्षी शाखा ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।

जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों के शैक्षणिक और खेल संबंधी प्रमाणपत्रों की जांच के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय में उनका योगदान स्वीकार किया जाएगा।

बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली के तहत दोनों खिलाड़ियों को अगले पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेना होगा। इसके लिए उन्हें अनिवार्य रूप से एक बॉन्ड भी भरना होगा। यदि बॉन्ड की शर्तों का पालन नहीं किया गया तो उनकी सेवा की पुष्टि (कन्फर्मेशन) नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आयोजित एक कार्यक्रम में मुकेश कुमार, आकाशदीप समेत कई उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे।

अभय कुमार सिंह को मिला अतिरिक्त प्रभार

वहीं, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अभय कुमार सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इसकी भी अधिसूचना जारी की।

अभय कुमार सिंह वर्तमान में ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव हैं। इसके अलावा उनके पास सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी पहले से है।