कोकीन टेस्ट पॉजिटिव- ऑस्ट्रेलिया के स्टार टेनिस प्लेयर निक किर्गियोस Banned, खिलाड़ी ने मानी गलती
Nick Kyrgios Banned: ऑस्ट्रेलिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस को कोकीन टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद पेशेवर टेनिस से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) ने 4 अगस्त को उनके खिलाफ प्रोविजनल सस्पेंशन लगाया था। यह कार्रवाई जून में हुए मल्लोर्का ओपन के दौरान लिए गए सैंपल के आधार पर हुई है।
मल्लोर्का ओपन के दौरान लिया गया था सैंपल
किर्गियोस का डोप टेस्ट 22 जून को मल्लोर्का ओपन के दौरान लिया गया था। जांच में उनके सैंपल में बेंजोइलइकगोनिन (benzoylecgonine) पाया गया, जो शरीर में कोकीन के टूटने के बाद बनने वाला पदार्थ है। इसके बाद ITIA ने 4 अगस्त को उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। किर्गियोस के पास इस फैसले को चुनौती देने का अधिकार है, हालांकि घोषणा के समय तक उन्होंने इसके खिलाफ अपील नहीं की थी।
किर्गियोस ने गलती स्वीकार की
निलंबन के बाद किर्गियोस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर टेस्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की और अपनी गलती की जिम्मेदारी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार चोटों ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया है।
किर्गियोस ने अपने बयान में इसे अपने लिए एक जरूरी 'वेक-अप कॉल' बताया और कहा कि वह अगले 28 दिनों तक सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रहकर खुद पर ध्यान देंगे। उन्होंने प्रशंसकों, परिवार, प्रायोजकों और खासकर उन बच्चों से माफी मांगी जो उन्हें फॉलो करते हैं।
ग्रैंड स्लैम समेत कई आयोजनों से रहेंगे बाहर
प्रोविजनल सस्पेंशन के चलते किर्गियोस फिलहाल पुरुष और महिला पेशेवर टेनिस टूर के तहत होने वाले टूर्नामेंटों में हिस्सा नहीं ले सकते। इसके अलावा वह ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी, कोच या दर्शक के रूप में भी शामिल नहीं हो सकते।
चोटों से जूझ रहे हैं किर्गियोस
31 वर्षीय किर्गियोस लंबे समय से घुटने और कलाई की चोटों से परेशान रहे हैं। इस सीजन में उन्होंने अब तक सिर्फ चार सिंगल्स मुकाबले खेले हैं। उनका सबसे हालिया प्रतिस्पर्धी मुकाबला विंबलडन में आया था, जहां उन्होंने अलेक्जेंडर ब्यूब्लिक के साथ पुरुष डबल्स में हिस्सा लिया था। यह जोड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गई थी। किर्गियोस कभी विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान तक पहुंच चुके हैं। अब डोप टेस्ट और निलंबन के बाद उनके टेनिस करियर की वापसी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
