FIFA World Cup 2026 Final: 16 साल बाद स्पेन बना फुटबॉल वर्ल्डकप चैंपियन, एक्स्ट्रा टाइम में टूटा अर्जेंटीना का सपना
FIFA World Cup 2026 Final: स्पेन ने अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप का खिताब जीत लिया। 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल किया। मेसी का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया।
FIFA World Cup 2026 Final: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर16 साल बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। न्यू जर्सी में खेले गए रोमांचक मुकाबले का फैसला अतिरिक्त समय में हुआ, जहां 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने मैच का इकलौता गोल कर स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिला दी। इसके साथ ही लियोनेल मेसी का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया।
शुरुआत से ही स्पेन का दबदबा, अर्जेंटीना नहीं बना सकी मौके
फाइनल की शुरुआत से ही स्पेन ने गेंद पर शानदार नियंत्रण बनाए रखा। लुइस डे ला फुएंते की टीम ने मिडफील्ड में पूरी तरह मैच अपने कब्जे में रखा और अर्जेंटीना को कोई बड़ा मौका नहीं दिया। हालात ऐसे रहे कि अर्जेंटीना पहले 70 मिनट तक गोल की दिशा में एक भी शॉट नहीं लगा सकी। यह 1966 के बाद किसी भी विश्व कप फाइनल में पहली बार हुआ, जब कोई टीम इतने लंबे समय तक पहला शॉट नहीं लगा सकी।
मेसी रहे स्पेन की रणनीति में पूरी तरह घिरे
मैच से पहले मुकाबले को मेसी और स्पेन की युवा टीम के बीच की टक्कर माना जा रहा था, लेकिन मैदान पर तस्वीर बिल्कुल अलग दिखी। स्पेन ने मेसी को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया। पहले 70 मिनट में मेसी सिर्फ 22 बार ही गेंद को छू सके। रोड्री, पेड्री, फैबियन रुइज़ और दानी ओल्मो की मजबूत मिडफील्ड ने अर्जेंटीना के सभी आक्रमण लगभग रोक दिए।
मार्टिनेज ने लंबे समय तक बचाई अर्जेंटीना की उम्मीद
अगर मुकाबला अतिरिक्त समय तक पहुंचा तो उसकी सबसे बड़ी वजह अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज रहे। उन्होंने पूरे मैच में कई शानदार बचाव किए और स्पेन को लगातार गोल करने से रोके रखा। मिकेल मेरिनो का आसान मौका चूकना और स्पेन के दो गोल रद्द होना भी अर्जेंटीना के लिए राहत साबित हुआ।
हालांकि अतिरिक्त समय से पहले अर्जेंटीना को एक और झटका लगा, जब एंजो फर्नांडेज़ को लाल कार्ड दिखाया गया और टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
106वें मिनट में फेरान टोरेस बने जीत के हीरो
अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ की शुरुआत के महज 37 सेकंड बाद स्पेन को वह मौका मिला, जिसका उसे लंबे समय से इंतजार था। पेड्रो पोरो के क्रॉस पर निको विलियम्स ने शानदार हेडर के जरिए गेंद फेरान टोरेस के सामने पहुंचाई। टोरेस ने बिना गलती किए बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाया और गेंद गोलपोस्ट की छत में पहुंचा दी। यह टूर्नामेंट में उनका पहला गोल था, लेकिन यही गोल स्पेन को विश्व चैंपियन बनाने के लिए काफी साबित हुआ।
आखिरी मिनटों में अर्जेंटीना की कोशिश रही नाकाम
गोल खाने के बाद अर्जेंटीना ने बराबरी के लिए पूरा दम लगाया। मेसी ने एक खतरनाक क्रॉस भी दिया, लेकिन स्पेन की रक्षा पंक्ति पूरी तरह सतर्क रही। मिकेल मेरिनो ने एक अहम प्रयास को अपने चेहरे से रोककर टीम को बढ़त बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई। अंतिम सीटी बजते ही स्पेन के खिलाड़ी जश्न में डूब गए, जबकि अर्जेंटीना का लगातार दूसरा विश्व कप जीतने का सपना टूट गया।
दूसरी बार विश्व चैंपियन बना स्पेन
इस जीत के साथ स्पेन ने अपने इतिहास का दूसरा फीफा विश्व कप खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में स्पेन ने गेंद पर नियंत्रण, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षात्मक प्रदर्शन का शानदार उदाहरण पेश किया। दूसरी ओर, अर्जेंटीना और लियोनेल मेसी अपनी लय में कभी नजर नहीं आए। लगभग दो घंटे तक चले इस मुकाबले में स्पेन ने साबित कर दिया कि इस बार विश्व कप ट्रॉफी का असली हकदार वही था।
