Movie prime

2 बड़ी सर्जरी के बाद दमदार वापसी, एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सूरज यादव
 

 
 2 बड़ी सर्जरी के बाद दमदार वापसी, एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सूरज यादव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। परेड कोठी निवासी वुशू खिलाड़ी सूरज यादव ने गंभीर चोटों और दो बड़ी सर्जरी को मात देकर एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह बना ली है। यूपी पुलिस में एसआई के पद पर तैनात सूरज 70 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित सूरज यादव के लिए यह चयन किसी सपने के पूरा होने जैसा है। वर्ष 2023 के एशियन गेम्स में वह पदक के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन घुटने की गंभीर चोट के कारण उन्हें पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा था। इसके बाद बीते दो वर्षों में उन्हें घुटने की दो बड़ी सर्जरी से गुजरना पड़ा। जुलाई 2025 में उनकी आखिरी मेजर सर्जरी हुई थी, जिसके बाद मैदान पर वापसी को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं।

हालांकि सूरज ने हार नहीं मानी और महज 11 महीने के भीतर फिटनेस हासिल कर कड़े राष्ट्रीय ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में दोबारा जगह बनाई। अब वह 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक जापान में होने वाले 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सूरज 23 जून को चीन रवाना होंगे, जहां वह अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे।

उधर, अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को बाबू आरएन सिंह इंडोर हाल, लोढ़ान में जूडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेल के अधिकार को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।