Movie prime

T20 World Cup 2026: सुपर आठ में भारत की टक्कर साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से, जानें पूरा शेड्यूल
 

 
 T20 World Cup 2026: सुपर आठ में भारत की टक्कर साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से, जानें पूरा शेड्यूल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अंतिम दौर में पहुंच चुका है। 20 में से 10 टीमों का सफर यहीं समाप्त हो गया है, जबकि सात टीमों ने सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली है। एक स्थान के लिए अभी भी तीन टीमों के बीच कड़ा मुकाबला जारी है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार तीन जीत दर्ज कर पहले ही सुपर आठ में प्रवेश कर चुकी है। अब यह भी साफ हो गया है कि अगले दौर में भारत किन टीमों से भिड़ेगा।

जिम्बाब्वे ने बनाई जगह, ऑस्ट्रेलिया बाहर

ग्रुप बी में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इस नतीजे से जिम्बाब्वे को फायदा हुआ और वह सुपर आठ में पहुंच गई। वहीं 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही खत्म हो गया। ग्रुप बी से श्रीलंका पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थी और जिम्बाब्वे दूसरी टीम बनी। जिम्बाब्वे के तीन मैचों में पांच अंक हो गए हैं।

एक स्थान के लिए तीन टीमों में मुकाबला

सुपर आठ की सात टीमें तय हो चुकी हैं। अब अंतिम स्थान के लिए अमेरिका, नीदरलैंड और पाकिस्तान के बीच जंग है। सुपर आठ के ग्रुप-1 में भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज शामिल हैं। ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका पहुंच चुके हैं और एक टीम का इंतजार है।

सेमीफाइनल की राह आसान नहीं

भारत को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए सुपर आठ में जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज को हराना होगा। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से अहमदाबाद में होगा। इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से भिड़ंत होगी। सुपर आठ में भारत का आखिरी मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा।

सुपर आठ में भारत का कार्यक्रम

फरवरी – दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत (अहमदाबाद)
26 फरवरी – जिम्बाब्वे बनाम भारत (चेन्नई)
1 मार्च – वेस्टइंडीज बनाम भारत (कोलकाता)

ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन

गत चैंपियन भारत ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका पर जीत के साथ की थी। इसके बाद नामीबिया को हराया और फिर पाकिस्तान को मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने सुपर आठ में जगह पक्की कर ली। अब ग्रुप चरण के अंतिम मैच में टीम इंडिया का सामना नीदरलैंड से होगा।