श्रीलंका जाने से पहले टीम इंडिया को झटका, साई सुदर्शन पूरी टेस्ट सीरीज से OUT!
New Delhi : श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। सुदर्शन टीम के साथ श्रीलंका नहीं गए थे और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे।
साई सुदर्शन को दाएं पैर में स्ट्रेस की शिकायत बताई जा रही है। रिहैब के दौरान उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग का अभ्यास भी शुरू कर दिया था। उम्मीद थी कि फिट होने के बाद वह 8 अगस्त को श्रीलंका पहुंचकर टीम से जुड़ जाएंगे, लेकिन अब वह पूरी टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
रिप्लेसमेंट के लिए इन दो खिलाड़ियों पर नजर
सुदर्शन के बाहर होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल उनके रिप्लेसमेंट को लेकर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतुराज गायकवाड़ और सरफराज खान को संभावित विकल्प माना जा रहा है। हालांकि, बीसीसीआई की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है।
भारत के 14 खिलाड़ी ही पहले श्रीलंका रवाना हुए थे। सुदर्शन को बाद में टीम से जुड़ना था, लेकिन चोट के कारण अब उनके श्रीलंका जाने की संभावना खत्म हो गई है।
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में होगा।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम : शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी डार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
