काशी रोपवे को जल्द जनता के लिए खोलने की तैयारी तेज, कैंट से गोदौलिया तक हुआ निरीक्षण
वाराणसी: काशी में निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं को जल्द जनता के लिए तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। वाराणसी रोपवे समेत गंजरी और अन्य प्रमुख परियोजनाएं निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नोडल अधिकारी डा. राज शेखर ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ वाराणसी रोपवे का निरीक्षण किया और संचालन से पहले की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डा. राज शेखर कैंट से गोंडोला में सवार होकर गोदौलिया तक पहुंचे। इस दौरान रोपवे के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा मानकों को मौके पर परखा गया। अधिकारियों ने परियोजना के बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
टिकटिंग व्यवस्था का किया गया ट्रायल
रोपवे शुरू होने से पहले यात्रियों के लिए टिकट व्यवस्था को आसान बनाने पर खास जोर दिया जा रहा है। नोडल अधिकारी की टीम ने टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) से टिकट लेकर इसका ट्रायल किया। इसके बाद कैंट से रथयात्रा तक पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
डा. राज शेखर ने टिकटिंग व्यवस्था को नॉर्दर्न रेलवे से जोड़ने के लिए टाईअप करने के निर्देश दिए। अधिकारियों का जोर ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर है, जिससे यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर टिकट लेने के लिए परेशान न होना पड़े।
प्रमुख स्थानों पर लगेंगी टिकट वेंडिंग मशीन
रोपवे की प्रतिदिन 50 हजार से अधिक टिकटिंग क्षमता को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टिकट वेंडिंग मशीन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें नमो घाट समेत अन्य प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा सरकारी कार्यालयों तक भी TVM की सुविधा पहुंचाने को कहा गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को पहले से टिकट लेने की सुविधा देना और रोपवे की टिकटिंग व्यवस्था को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर भी फोकस
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने रोपवे के शेष निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की हर स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
रोपवे के संचालन से पहले यात्रियों की सुविधा, टिकटिंग व्यवस्था, सुरक्षा और बाकी तकनीकी कार्यों को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि इन तैयारियों के पूरा होने के बाद काशी की इस महत्वपूर्ण परिवहन परियोजना को जनता के लिए शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
