Movie prime

वाराणसी बनेगा कुश्ती का अखाड़ा : 33 राज्यों के 1188 पहलवान दिखाएंगे दम, जीतने वाले के लिए ओलंपिक का रास्ता होगा साफ

 
…
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में दिसंबर महीने में देशभर के दिग्गज पहलवानों का जमावड़ा लगने जा रहा है। काशी को सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों के लिए ओलंपिक की राह में अहम पड़ाव माना जा रहा है, क्योंकि यहां शानदार प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में जगह बनाने का मौका मिलेगा। भारतीय कुश्ती संघ ने इस बड़े आयोजन की जिम्मेदारी वाराणसी को सौंपी है।


BHU में 21 से 23 दिसंबर तक होंगे मुकाबले


सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के डॉ. विभूति नारायण इंडोर स्टेडियम में 21 से 23 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के लिए स्टेडियम में चार कुश्ती मैट तैयार किए जाएंगे, जहां विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे।

वाराणसी इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुका है। अप्रैल 2024 में यहां सीनियर नेशनल फेडरेशन कप के मुकाबले आयोजित हुए थे। एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से काशी खेल जगत में अपनी पहचान मजबूत करने जा रही है।

33 राज्यों के 1188 पहलवान दिखाएंगे दम

इस प्रतियोगिता में देश के 33 राज्यों से कुल 1188 पहलवान हिस्सा लेंगे। प्रत्येक राज्य से महिला और पुरुष वर्ग के 30 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसके अलावा छह मैच अधिकारी भी आयोजन का हिस्सा होंगे। सभी टीमों के 20 दिसंबर को वाराणसी पहुंचने की योजना है।

प्रतियोगिता में तीन श्रेणियों में मुकाबले होंगे, जिनमें पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और महिला फ्रीस्टाइल शामिल हैं। पुरुष फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन में 10-10 भार वर्ग होंगे, जबकि महिला फ्रीस्टाइल में भी 10 भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 30 भार वर्गों में पहलवान अपनी चुनौती पेश करेंगे।
छह मिनट के मुकाबले में तय होगी जीत-हार
कुश्ती के प्रत्येक मुकाबले में दो हाफ होंगे, जो तीन-तीन मिनट के होंगे। दोनों हाफ के बीच 30 सेकंड का ब्रेक दिया जाएगा। यानी एक मुकाबला कुल छह मिनट का होगा। किसी पहलवान के चोटिल होने की स्थिति में उसे चार मिनट का मेडिकल समय दिया जाएगा।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के डोपिंग टेस्ट भी किए जाएंगे। नेशनल डोपिंग एजेंसी (NADA) की टीम खिलाड़ियों के सैंपल लेकर जांच करेगी, ताकि प्रतियोगिता में नियमों और खेल की निष्पक्षता का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगी 

मीनाक्षी गोयत, अमन सहरावत और अंतिम पंघाल पर रहेंगी नजरें

सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में कई चर्चित पहलवान भी अपनी प्रतिभा दिखाने उतरेंगे। इनमें मीनाक्षी गोयत, अमन सहरावत और अंतिम पंघाल जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा सुजीत कलकल, सुनील, नीतेश और मनीषा भानवाल भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुकी नीलम पर भी खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।

इन दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। हर पहलवान की कोशिश होगी कि वह अपने भार वर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर शीर्ष चार में जगह बनाए।

दिल्ली और लखनऊ में लगेगा राष्ट्रीय कुश्ती शिविर

प्रतियोगिता में पहले चार स्थान हासिल करने वाले पहलवानों को राष्ट्रीय कुश्ती प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का मौका मिलेगा। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू के मुताबिक, यह शिविर दिल्ली और लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। महिला पहलवानों को लखनऊ स्थित साई सेंटर में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि पुरुष पहलवान दिल्ली में ट्रेनिंग करेंगे। शिविर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेंगे।

अगले साल ओलंपिक क्वालिफाइंग मुकाबलों की शुरुआत होनी है। ऐसे में सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता पहलवानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। काशी में होने वाले इन मुकाबलों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का रास्ता बनाने का अवसर मिलेगा।


क्या बोले भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष?


भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने बताया कि बीएचयू में तीन दिवसीय सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाले पहलवानों को राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इसके बाद ये खिलाड़ी ओलंपिक क्वालिफाइंग राउंड में देश का प्रतिनिधित्व करने की दावेदारी पेश कर सकेंगे।