T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुई वेस्टइंडीज टीम भारत में फंसी, एयरस्पेस बंद होने से वापसी मुश्किल
Kolkata :आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम फिलहाल भारत में ही फंसी हुई है। टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अभी तक अपने देश वापस नहीं लौट पाए हैं। इसकी मुख्य वजह पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्रों में लगी पाबंदियां हैं।
टीम के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक छोटा लेकिन भावुक संदेश पोस्ट किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने लिखा कि "I just wanna go home” यानी “मैं बस घर जाना चाहता हूं। इस पांच शब्दों की पोस्ट ने टीम की मौजूदा स्थिति और उनकी बेबसी को साफ तौर पर जाहिर कर दिया है।
एयरस्पेस बंद होने से यात्रा पर असर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हुए हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रास्ते प्रभावित हुए हैं और कुछ हवाई मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। खासकर खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख ट्रांजिट एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी कुछ नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जिसके कारण कई फ्लाइट्स को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज का बयान
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि टीम की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए वह ICC और संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। बोर्ड के मुताबिक सुरक्षा कारणों से एयरलाइंस को अपनी उड़ानों के रूट और शेड्यूल बदलने पड़े हैं। टीम प्रबंधन ने कहा कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित तरीके से उनके देश भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
भारत से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी टीम
वेस्टइंडीज की टीम सुपर-8 चरण में भारत के खिलाफ अहम मुकाबला हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। यह मैच कोलकाता में खेला गया था और हार के बाद टीम का टी20 वर्ल्ड कप सफर खत्म हो गया। बताया जा रहा है कि वेस्टइंडीज के अलावा जिम्बाब्वे भी इसी वजह से फिलहाल भारत में ही रुकी हुई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि अंतरराष्ट्रीय हालात कब सामान्य होते हैं और कब इन टीमों को सुरक्षित तरीके से अपने देश लौटने की अनुमति मिलती है।
