विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 का आगाज, 60 से ज्यादा देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
नई दिल्ली I नई दिल्ली में मंगलवार को आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री Mansukh Mandaviya ने विश्व योगासन चैंपियनशिप (WYC) 2026 के पहले संस्करण का आधिकारिक अनावरण किया। इस मौके पर महासंघ के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 4 से 8 जून 2026 तक अहमदाबाद के एका एरिना में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में युगांडा, जाम्बिया, श्रीलंका, नेपाल, केन्या, जापान, ओमान, मॉरीशस और नीदरलैंड्स समेत 60 से अधिक देशों के योगासन खिलाड़ी और प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे।
यह आयोजन योगासन को वैश्विक स्तर पर एक मान्यता प्राप्त प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में स्थापित करने और ओलंपिक मान्यता की दिशा में भारत की बड़ी पहल माना जा रहा है।
अनावरण समारोह के दौरान चैंपियनशिप का लोगो, ट्रॉफी, आधिकारिक जर्सी और ‘वीर’ नामक शेर मैस्कॉट भी लॉन्च किया गया। आयोजकों के अनुसार, ये सभी प्रतीक योगासन के आधुनिक वैश्विक खेल के रूप में उभरने की पहचान हैं।
विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, Sports Authority of India (SAI), गुजरात खेल प्राधिकरण, गुजरात पर्यटन और गुजरात योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन का सहयोग प्राप्त है। इसे योगासन को विश्व खेल मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक संयुक्त राष्ट्रीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, “प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को योग का उपहार दिया है और अब देश योगासन को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विश्व योगासन चैंपियनशिप हमारे युवाओं, हमारी संस्कृति और उभरते वैश्विक खेलों में भारत की भूमिका को दर्शाती है।”
उन्होंने कहा कि यह चैंपियनशिप योगासन के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और इससे खेल अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।
