Movie prime

बरेका में पहलवानों ने दिखाया दमखम, 65 से 125 किलो फ्रीस्टाइल के सेमीफाइनलिस्ट तय

 
.
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन अखाड़े में पहलवानों ने दमखम, तकनीक और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। अलग-अलग भार वर्गों में हुए मुकाबलों में एक-एक अंक के लिए पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मुकाबले आगे बढ़ने के साथ कई भार वर्गों में सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहलवानों की तस्वीर भी साफ हो गई।

...


फ्रीस्टाइल में इन पहलवानों ने बनाई जगह

65 किग्रा फ्रीस्टाइल भार वर्ग में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित और मेजबान बरेका के दीपांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

86 किग्रा भार वर्ग में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई।

वहीं 125 किग्रा फ्रीस्टाइल में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।


ग्रीको-रोमन में भी जोरदार भिड़ंत

ग्रीको-रोमन वर्ग के मुकाबलों में भी पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 60 किग्रा भार वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष और नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

67 किग्रा भार वर्ग में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द और अनिल ने अंतिम चार में प्रवेश किया।

77 किग्रा भार वर्ग में मेजबान बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास और वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

97 किग्रा ग्रीको-रोमन में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि और सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे ने अंतिम चार में प्रवेश किया।


आखिरी क्षण तक दिखा रोमांच

प्रतियोगिता के दूसरे दिन अखाड़े में पहलवानों ने तकनीक, ताकत, फुर्ती और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। कई मुकाबलों में जीत के लिए पहलवान आखिरी क्षण तक जोर लगाते नजर आए। इससे दर्शकों में भी खासा उत्साह बना रहा। मेजबान बरेका के पहलवानों के मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन से उनका हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगिता में रेलवे के कई अनुभवी और चर्चित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आयोजन के दौरान राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव और कृपा शंकर बिश्नोई जैसे नामी पहलवानों की उपस्थिति से प्रतियोगिता का माहौल और भी खास बना हुआ है।