Movie prime

योगी सरकार की नई पहल! जिस मां ने खिलाड़ी को बनाया चैंपियन, अब उसी का नाम होगा प्रमाण पत्र पर, खाते में सीधे पहुंचेगी प्राइज मनी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: स्कूली खिलाड़ियों के प्रमाण पत्र पर अब मां का नाम भी दर्ज होगा। उत्तर प्रदेश में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के पदक विजेता खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि खिलाड़ियों के प्रमाण पत्र पर पहली बार उनके नाम के साथ उनकी माता का नाम भी दर्ज किया जाएगा।

स्कूली खेलों में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में सम्मानित करेंगे। वहीं, खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार की नकद राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

कैसे जुड़ेगा मां का नाम?

पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची संयुक्त शिक्षा निदेशक, वाराणसी मंडल कार्यालय की ओर से पहले ही तैयार की जा चुकी है। अब संबंधित विद्यालयों के खेल शिक्षकों से पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के नाम के साथ उनकी माता का नाम भी मांगा गया है।

विद्यालयों से प्राप्त जानकारी के आधार पर खिलाड़ियों के प्रमाण पत्र तैयार किए जाएंगे। इसके बाद स्वर्ण पदक विजेताओं को लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे।

स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 हजार रुपये

राष्ट्रीय विद्यालयीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 75 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, टीम गेम्स के स्वर्ण पदक विजेताओं को 35 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

रजत और कांस्य पदक पर भी मिलेगा पुरस्कार

एकल वर्ग में रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 50 हजार रुपये, जबकि टीम गेम्स के रजत पदक विजेताओं को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसी तरह एकल वर्ग के कांस्य पदक विजेताओं को 30 हजार रुपये और टीम गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

सरकार की ओर से दी जाने वाली यह पुरस्कार राशि सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। प्रमाण पत्र पर मां का नाम दर्ज किए जाने के फैसले को खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए एक खास पहल के तौर पर देखा जा रहा है।