UP: CM Yogi ने बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (13-15 अगस्त) का शुभारंभ किया और तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत मां, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सीएम ने युवाओं के साथ सेल्फी ली और सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के बीच लखनऊ की सड़कों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें मंत्रिमंडल के सहयोगी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट गाइड्स शामिल हुए। CM Yogi ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान और सैनिकों की शौर्य गाथा का प्रतीक है, जिसे हर घर में लहराना चाहिए।
CM Yogi ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए भारत के शौर्य और सामर्थ्य की सराहना की। उन्होंने 140 करोड़ भारतवासियों से अपील की कि वे स्वार्थ त्यागकर राष्ट्र के सम्मान को ऊंचा रखें और तिरंगे को हर घर तक पहुंचाएं। उन्होंने सामाजिक एकता को तोड़ने वालों को बेनकाब करने का भी आह्वान किया।
CM Yogi ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के 2047 के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इसे ‘विकसित उत्तर प्रदेश-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के मंत्र के साथ जीवन का हिस्सा बनाएगा।
समारोह में CM Yogi, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, विधायक नीरज बोरा, जया देवी, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और नीरज सिंह सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
