नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 3 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे देशभर के 20 राज्यों में बारिश और घना कोहरा छाने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में 3 और 4 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे। IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 24-27°C और न्यूनतम तापमान 10-12°C के बीच रहेगा। हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे सुबह और शाम ठंडक महसूस होगी। 7 फरवरी तक हल्की गर्मी के साथ सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 3-5 फरवरी: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी हल्की बारिश के आसार हैं। लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश हो सकती है।
कोहरे का असर उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक दिखेगा। IMD ने इन राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है:
उत्तर भारत: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश
पूर्वी भारत: बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल
उत्तर-पूर्व भारत: असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा
हिमालयी क्षेत्र: सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल
दिल्ली-NCR: हल्का कोहरा, जिससे सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी
दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। सीपीसीबी के अनुसार, 1 फरवरी की शाम 6:09 बजे दिल्ली का एक्यूआई 355 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर
बढ़ते प्रदूषण से सांस की समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि बाहर निकलते समय मास्क पहनें और वायु गुणवत्ता की निगरानी करें।