सेवा, सुशासन और समर्पण के 12 वर्ष— पीएम मोदी के कार्यकाल पर बोले CM आदित्यनाथ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में मीडिया से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और समर्पण का स्वर्णिम काल बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल और लंबे कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर दुनिया के कई प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब किसी देश को लोकप्रिय, दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व मिलता है तो उसके सकारात्मक परिणाम भी शीघ्र दिखाई देते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकास और आत्मविश्वास की नई यात्रा शुरू की है। आज का भारत अपनी शक्ति और सामर्थ्य का एहसास पूरी दुनिया को करा रहा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी 2014 से पहले और उसके बाद के भारत के बीच आए बदलाव को स्पष्ट रूप से महसूस कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा करने वाला समर्पित प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि उनके सुशासन के कारण भारत की वैश्विक साख मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग, धर्म और जाति के लिए कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप देश हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज वैश्विक पटल पर भारत की अलग पहचान बनी है और पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा को देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, घर-घर शौचालय की सुविधा पहुंचाई गई और गरीबों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला।
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग चार करोड़ परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
