‘योगी की पाती’ के 50 संस्करण पूरे, विमोचन पर CM ने सुनाई वनटांगिया समाज के संघर्ष की कहानी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार, 16 नवंबर को अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के 50 संस्करणों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने इस संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रों की इस श्रृंखला का उद्देश्य उन मुद्दों और समुदायों को जनसंवाद में जगह देना है, जिनकी चर्चा कम होती है। इसी क्रम में उन्होंने वनटांगिया परिवारों के संघर्ष और गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के अपने पहले दौरे का जिक्र किया।
जंगल लगाने वाले परिवार बुनियादी सुविधाओं से रहे वंचित
मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रिटिश शासन में रेलवे लाइनें बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ काटे गए थे। जिन परिवारों को दोबारा जंगल लगाने और उनकी देखभाल के लिए बसाया गया, वे आगे चलकर वनटांगिया के नाम से जाने गए। योगी ने कहा कि इन परिवारों को आजीविका के लिए जमीन देने की बात कही गई थी, लेकिन आजादी के बाद भी लंबे समय तक वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे।
योगी ने बताया कि उन्होंने वनटांगिया परिवारों के अधिकारों का मुद्दा तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सामने भी उठाया था। उनके मुताबिक, जब इन परिवारों के वहां लंबे समय से बसे होने का प्रमाण मांगा गया, तो उन्होंने लगाए गए पेड़ों की उम्र का आकलन कराने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद वनटांगिया परिवारों को उनके अधिकार दिलाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया गया।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पुराने हालात का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार सांसद बनने के बाद जब वे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो बच्चों के वार्ड में एक ही बेड पर कई मरीज थे। जुलाई की गर्मी में वहां बिजली और पंखों तक की व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि बाद में वार्ड में बेड, पंखे और एसी की व्यवस्था कराई गई।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पूरी तरह खत्म हो गया है। हालांकि, गोरखपुर जिला स्वास्थ्य समिति की रिपोर्ट में 28 अगस्त 2026 तक एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) के 17 और जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) का एक मामला दर्ज है।
