UP की हर विधानसभा से 500 युवाओं को नौकरी, CM योगी का बड़ा रोजगार मिशन का ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों के जरिए स्थानीय स्तर पर युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले रोजगार मेले के माध्यम से करीब 500 युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सेवायोजन विभाग की ओर से विधानसभा स्तर पर रोजगार मेलों के आयोजन के लिए पहली बार अलग से बजट का प्रावधान किया गया है।
हर विधानसभा के लिए 5 लाख रुपये का बजट
सेवायोजन विभाग ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेला आयोजित करने के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की है। विभाग का लक्ष्य 31 मार्च तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन पूरा करना है। रोजगार मेले अगले महीने से शुरू होने की संभावना है।
इन मेलों में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। कंपनियां युवाओं की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लेकर उनका चयन करेंगी।
18 से 40 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा
रोजगार मेले में हाईस्कूल से स्नातक तक की शैक्षिक योग्यता रखने वाले 18 से 40 वर्ष के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए युवाओं का सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य होगा।
सभी 75 जिलों में भी होगा वृहद रोजगार मेला
विधानसभा स्तर के अलावा प्रदेश के सभी 75 जिलों में भी वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर होने वाले आयोजनों के लिए अलग से 10 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
जिला स्तरीय मेलों में बड़ी संख्या में निजी कंपनियों को आमंत्रित कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की तैयारी है। विधानसभा और जिला स्तर पर होने वाले इन आयोजनों को मुख्यमंत्री रोजगार मिशन से जोड़कर 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
दो लाख से अधिक युवाओं को नौकरी का लक्ष्य
सेवायोजन निदेशक नेहा प्रकाश के अनुसार, मुख्यमंत्री रोजगार मिशन के तहत पहली बार विधानसभा स्तर पर 5 लाख रुपये और जिला स्तर पर 10 लाख रुपये का बजट रोजगार मेलों के लिए निर्धारित किया गया है। बजट जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले महीने से रोजगार मेले शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इन रोजगार मेलों के माध्यम से प्रदेश में दो लाख से अधिक युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
