संभल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ा हादसा, छज्जा गिरने से 8 साल के बच्चे की मौत
संभल। असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अल हसनैन पब्लिक स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय छज्जे पर कई बच्चे मौजूद थे।
छज्जा गिरने से उसके मलबे की चपेट में तीन बच्चे आ गए। हादसे में 8 वर्षीय निजामम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
झंडारोहण के बाद चल रही थीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
अल हसनैन पब्लिक स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे थे। समारोह देखने के लिए आसपास के घरों से भी बच्चे स्कूल पहुंचे थे।
इसी दौरान कुछ बच्चे स्कूल के मुख्य गेट पर बने छज्जे के ऊपर चढ़ गए। अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया और बच्चे मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और स्कूल कर्मचारियों ने बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
