Movie prime

नोएडा की 24 मंजिला सोसाइटी में AC ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, तीन फ्लैट आए चपेट में, घबराते हुए बाहर भागे लोग

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे 24 मंजिला इमारत की 21वीं मंजिल पर एक फ्लैट में एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के तीन फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के बाद बिल्डिंग की ऊपरी मंजिलों से ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं निकलने लगा। पूरे फ्लोर पर धुआं फैलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई निवासी सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास की इमारत में मौजूद लोगों ने पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली कराया गया।

फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

हाईराइज इमारतों में आग बुझाने की चुनौती

नोएडा में लगातार बढ़ रही बहुमंजिला इमारतों को देखते हुए दमकल विभाग के पास 30 से 42 मीटर तक की हाइड्रोलिक मशीनें उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से लगभग 10 मंजिल तक आग बुझाई जा सकती है। विभाग जल्द ही 72 मीटर और 102 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाली नई हाइड्रोलिक मशीनें भी शामिल करने की तैयारी में है।

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा शहर की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल है। यहां वर्तमान में 60 मंजिलों तक निर्माण पूरा हो चुका है और लोग रह रहे हैं। हालांकि, इतनी ऊंची इमारतों के लिए फिलहाल केवल 42 मीटर क्षमता वाली हाइड्रोलिक मशीनें ही उपलब्ध हैं। भविष्य में एयर कंप्रेस्ड फोम सिस्टम जैसी अत्याधुनिक तकनीक को भी शामिल करने की योजना है, जिससे 300 मीटर तक ऊंचाई पर लगी आग पर काबू पाया जा सके।