सियासत का अनोखा नजारा: अपने ही खिलाफ प्रदर्शन में पहुंचे सपा सांसद, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने ली सेल्फी
लखीमपुर खीरी। महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर लखीमपुर खीरी में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भाजपा महिला मोर्चा ने समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद उत्कर्ष वर्मा के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया।
इसी बीच सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में संसद से पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। सांसद ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए और सरकार को इसे शीघ्र लागू करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार इस मुद्दे पर महिलाओं को गुमराह कर रही है और परिसीमन के नाम पर इसे टालने की कोशिश कर रही है। सांसद ने यह भी सुझाव दिया कि महिलाओं को अपनी सरकार से मांग करनी चाहिए कि जिले की आठ विधानसभा सीटों में चार और प्रदेश की 403 सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान माहौल उस समय बदल गया जब बातचीत के बाद भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और सांसद के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कई महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद के साथ सेल्फी ली और उन्हें मिठाई भी खिलाई। यह दृश्य मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, संगीता पुरी, किरण अग्रवाल, अनीता निगम, उमा राज, माला शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, मंजू लता, सीमा वर्मा और कीर्ति गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
