चैत्र नवरात्र से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखी ‘योगी की पाती’, प्रदेशवासियों को दिया संदेश
लखनऊ। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखकर शुभकामनाएं दीं और समाज में नारी शक्ति की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि मां आदिशक्ति की आराधना का यह पर्व सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और नवचेतना का संचार करे। उन्होंने सनातन नव संवत्सर (वि.सं. 2083) की भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और इस परिवर्तन में हर वर्ग का योगदान रहा है। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि “वही समाज और प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां सशक्त होती हैं।”

सीएम ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें नारी शक्ति से संवाद का अवसर मिला, जिसमें सोना कुमारी की कहानी प्रेरणादायक रही। सोना कुमारी ने फूलों की खेती के जरिए न सिर्फ आत्मनिर्भरता हासिल की, बल्कि अपने समूह की कई महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा।
सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मिशन शक्ति अभियान’, ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ और ‘महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना’ जैसी पहलें महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के करीब 20 हजार स्टार्टअप्स में से लगभग आधे का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
अंत में सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेटों के समान अवसर देने का संकल्प लें, ताकि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
