अजय राय ने CM योगी के खिलाफ दायर किया मानहानि का मुकदमा, अयोध्या में मछली खाने के आरोप को बताया झूठा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अजय राय ने आरोप लगाया है कि अयोध्या में उनके मछली खाने को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए आरोप झूठे, आपत्तिजनक और तथ्यहीन हैं। उनका कहना है कि इन आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
अजय राय ने मंगलवार को लखनऊ की सिविल कोर्ट में मानहानि का दावा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति के बारे में गलत तथ्यों के आधार पर आरोप लगाना गंभीर मामला है और इससे उसकी सामाजिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, उनके खिलाफ गलत तथ्य पेश कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। इसी को आधार बनाकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
अजय राय ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह न्यायिक प्रक्रिया के जरिए इसका जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तथ्यहीन आरोपों को लेकर कानूनी रास्ता अपनाना जरूरी है।
