Movie prime

राम मंदिर जाने से पहले अजय राय हाउस अरेस्ट! अयोध्या में कांग्रेस नेताओं पर बड़ा एक्शन
 

 
 राम मंदिर जाने से पहले अजय राय हाउस अरेस्ट! अयोध्या में कांग्रेस नेताओं पर बड़ा एक्शन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ अपनी बात रखने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया।

कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अजय राय कर रहे थे। इसमें अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

बाराबंकी में पूर्व सांसद एपी गौतम को भी रोका गया

प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद एपी गौतम को भी बाराबंकी स्थित उनके आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया गया कि वह अयोध्या रवाना होने के लिए अपनी गाड़ी में बैठ चुके थे, लेकिन पुलिस ने वाहन को आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध के बाद भी उन्हें वापस घर लौटना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता थे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक मीता गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, फरेंदा के पूर्व विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित कई कांग्रेस नेता शामिल होने वाले थे। पार्टी ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी पहले ही स्थानीय प्रशासन को दे दी थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने नेताओं की आवाजाही पर रोक लगा दी।

भाजपा को घेरने की रणनीति

राम मंदिर के चढ़ावे और दानपेटी से जुड़े कथित गबन मामले में एसआईटी जांच और कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर हमलावर है। पार्टी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इससे पहले समाजवादी पार्टी भी इस मुद्दे को उठा चुकी है। अब कांग्रेस ने भी इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए अयोध्या में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस धार्मिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस में हाल ही में हुए बदलाव

उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों के बीच कांग्रेस संगठन में भी बदलाव किए गए हैं। हाल ही में पार्टी ने प्रदेश प्रभारी के पद पर बदलाव करते हुए अविनाश पांडेय की जगह राजेंद्र पाल गौतम को नई जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ-साथ प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।