Movie prime

गोरखपुर में किशोर की मौत पर अखिलेश ने जताया दुख, बोले– हादसे पर राजनीति कर रही भाजपा
 

 
गोरखपुर में किशोर की मौत पर अखिलेश ने जताया दुख, बोले– हादसे पर राजनीति कर रही भाजपा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए हादसे में भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत हो गई। हादसा बुधवार, 18 नवंबर को झारखंडी मोड़ के पास हुआ। परिजनों के मुताबिक, आर्य अपनी बहन को लेने जा रहा था, तभी वह रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आ गया। उसे गोरखपुर एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक्स पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के लोगों से पीड़ित परिवार से मिलने और हर संभव मदद करने को कहा है। उन्होंने भाजपा पर हादसे को लेकर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। लखनऊ के एक अग्निकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस घटना में जान गंवाने वाले युवक की मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें धमकी दी गई थी।

हादसे की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

सपा के मीडिया सेल ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग से पता चल सकता है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। सपा ने दावा किया कि कैमरों का सिस्टम एआई से जुड़ा है और इससे जांच में मदद मिल सकती है। पार्टी ने आरोप लगाया कि घटना के लिए सपा को जिम्मेदार ठहराने की साजिश की जा रही है। उसने अपनी पोस्ट में यूपी के डीजीपी और गोरखपुर पुलिस को टैग करते हुए कथित तौर पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

उधर, हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर गोरखपुर–देवरिया मार्ग पर धरना दिया था। एम्स थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जेसीबी चालक और रोड शो के आयोजकों की भूमिका की जांच की जा रही है।