Movie prime

CBSE विवाद और बिजली संकट पर भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- भाजपा में अब करंट नहीं रहा
 

 
CBSE विवाद और बिजली संकट पर भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- भाजपा में अब करंट नहीं रहा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने गुरुवार को एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने CBSE परीक्षा परिणाम और उत्तर पुस्तिकाओं की जांच को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि कॉपियों की दोबारा जांच की मांग करने के बाद भी कोई भरोसा नहीं है, क्योंकि पूरा सिस्टम ही भ्रष्ट हो चुका है।

अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर लिखा कि “घपला करने वाला भाजपा का करप्ट सिस्टम वही है। न कोई जिम्मेदारी ले रहा है और न ही कोई इस्तीफा दे रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा जमाने वाले भाजपा के सहयोगी दल अब इस मामले के सामने आने के बाद “अंडरग्राउंड” हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और जो लोग नैतिकता की बात करते हैं, वे अब खामोश हैं। अखिलेश ने युवाओं का हवाला देते हुए लिखा, “Youth कहे आज का, No more भाजपा!”

इससे पहले बुधवार को भी अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में जनता भाजपा को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में “महा विद्युत आपदा” जैसी स्थिति बनी हुई है।

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री के रिश्तों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाए कि समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर दोनों साथ आते हैं तो जनता के सामने उनकी एक तस्वीर पोस्ट कर दी जाए, ताकि लोगों को “आपसी गर्मी” से ही कुछ राहत मिल जाए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बिजली सब-स्टेशनों पर PAC तैनात करनी पड़ रही है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के गुस्से से बचने के लिए भाजपा नेता कायराना रवैया अपना रहे हैं। अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा में अब करंट नहीं रहा।”