अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में आए तो 26 हजार बंद स्कूल फिर खोलेंगे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों को समान सम्मान दिया जाएगा और गरीबों के हित में फैसले लिए जाएंगे।
मेघनाथ खगार और खरगवंशी समाज के लोगों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में बड़े पैमाने पर लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के बाद सरकारी धन की बर्बादी रोककर गरीबों के हित में उसका इस्तेमाल करेगी।
'दूरबीन, ड्रोन और सैटेलाइट से भी नहीं दिख रहे गड्ढे'
अखिलेश यादव ने प्रदेश की सड़कों और एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार सड़क के गड्ढों को दूरबीन, ड्रोन और सैटेलाइट से देखने की बात करती थी, लेकिन इसके बावजूद गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसकी स्थिति खराब है और इसकी डिजाइन पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि एक्सप्रेसवे आए दिन क्षतिग्रस्त हो रहा है।
अकबर नगर और जेपी सेंटर को लेकर भी सवाल
सपा प्रमुख ने अकबर नगर और रिवर फ्रंट के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि अकबर नगर हटाने के बाद जिस रिवर फ्रंट की बात की गई थी, वहां नाले पर ही रिवर फ्रंट बनाने की कोशिश हो रही है।
जेपी सेंटर को लेकर अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने इसे बेच दिया और उससे पहले ठेकेदारों का भुगतान भी कर दिया। उन्होंने कहा कि जेपी सेंटर से कैफे, पार्किंग और क्लब के जरिए आय अर्जित की जा सकती थी।
'दूसरे प्रदेश के माफिया यूपी में आकर चला रहे गोली'
अपराध के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरे प्रदेशों के माफिया उत्तर प्रदेश में आकर गोली चला रहे हैं। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए एक कथित गैंग के नाम का जिक्र किया और कहा, “गोगी योगी गैंग... नाम भी मिलता-जुलता है, तो सोचिए ये रिश्ता क्या कहलाता है।”
अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी सरकार जाने वाली है और जनता भी इसका इंतजार कर रही है।
सरकारी संपत्तियों को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप
अखिलेश ने सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने क्लार्क होटल के बगल की जमीन और छतर मंजिल को लेकर आरोप लगाए। बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग “डकैत, महाडकैत” हैं। उन्होंने आगे कहा कि अधर्मी गिरोह अगर कोई है तो वह बीजेपी है।
महिलाओं की फ्री बस सेवा पर भी निशाना
महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताएं और बहनें बस का इंतजार करती रहीं कि बस कब मिलेगी और कहां से मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से कई वीडियो भी सामने आए हैं।
26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने सरकारी स्कूलों को लेकर बड़ा राजनीतिक वादा किया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन सभी स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।
