Movie prime

आगरा के दलित महासम्मेलन से अखिलेश का भाजपा पर तंज, बोले– काशी में डबल इंजन की ‘डबल हार’
 

 
 आगरा के दलित महासम्मेलन से अखिलेश का भाजपा पर तंज, बोले– काशी में डबल इंजन की ‘डबल हार’
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

आगरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान में दलित महासम्मेलन किया। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों के नेता, जनप्रतिनिधि और पूर्व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों से सपा को ऐतिहासिक समर्थन मिल रहा है।

दलित उत्पीड़न और पेपर लीक का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए इन्हें संविधान के मूल्यों पर हमला बताया। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के लिए भाजपा से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया। स्कूलों को बंद किए जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के फैसलों से वंचित वर्गों के लिए पढ़ाई और रोजगार के अवसर घट रहे हैं।

सरकार बनने पर पुलिस सुधार का वादा

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनी तो सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दी जाएगी और पुलिस व्यवस्था में सुधार किए जाएंगे। उन्होंने सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजे जाने और एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए।

वहीं, महासम्मेलन को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रशांत सोनिया और सांसद राजकुमार चाहर ने सपा के पीडीए अभियान पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए काम किया है।