Movie prime

दादरी से चुनावी शंखनाद करेंगे अखिलेश यादव, 29 मार्च को 140 विधानसभा क्षेत्रों की ‘समानता-भाईचारा रैली’

 
दादरी से चुनावी शंखनाद करेंगे अखिलेश यादव, 29 मार्च को 140 विधानसभा क्षेत्रों की ‘समानता-भाईचारा रैली’
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी से विधानसभा चुनाव अभियान का औपचारिक शंखनाद करेंगे। पार्टी के अनुसार इस विशाल रैली में प्रदेश के 32 जिलों की करीब 140 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन भाग लेंगे। इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

रैली की तैयारियों और रणनीति को लेकर बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने जिला और महानगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और भीड़ जुटाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

राजकुमार भाटी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्षी नेताओं का सम्मान नहीं करती और भर्ती प्रक्रियाओं, ट्रांसफर-पोस्टिंग तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं में भारी अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास “मुकदमा, मुठभेड़ और बुलडोजर” ही तीन हथियार रह गए हैं। भाटी ने यह भी कहा कि वरिष्ठ नेता आजम खान पर 94 फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने संकेत दिए कि लोकसभा चुनाव में बना विपक्षी गठबंधन आगे भी जारी रह सकता है। भाटी के मुताबिक, अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं और 29 मार्च की ‘समानता-भाईचारा रैली’ प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव का संदेश देगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव लल्ला सिंह गुर्जर, पवन प्रजापति, मधुकर अरोरा, देवेन्द्र सिंह यादव, बलविंदर सिंह जाटव और संतोष पाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।