12 दिसंबर को परिवार संग अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव, रामलला और हनुमानगढ़ी के करेंगे दर्शन
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन करेंगे। सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की जानकारी दी है।
पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी एवं मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा और वह परिवार के साथ अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे।
रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी जाएंगे अखिलेश यादव
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे, जहां बजरंगबली का आशीर्वाद लेंगे।
साधु-संतों से मुलाकात कर लेंगे आशीर्वाद
अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव विभिन्न साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे। पवन पांडे ने बताया कि सपा प्रमुख संतों का आशीर्वाद लेने के साथ उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
