गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर अखिलेश का तंज: एक्सप्रेसवे बनाना समाजवादियों ने सिखाया, बीजेपी बना रही...
लखनऊ। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। सपा प्रमुख ने कहा कि एक्सप्रेसवे बनाने की असली समझ समाजवादियों ने दी, जबकि मौजूदा सरकार अधूरे प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर रही है।
लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महंगाई तब ही कम होगी जब “बुरे दिन” खत्म होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कुछ लोगों को फायदा पहुंचाकर पूरी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है।
बंगाल चुनाव पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी की जीत का दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में “दीदी ऐतिहासिक वोटों से जीतने जा रही हैं।” उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि बंगाल में केंद्रीय बलों का समानांतर ढांचा खड़ा किया गया है और अधिकारियों पर दबाव बनाया गया है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र बचाने के लिए मतदान करने की अपील की।
एक्सप्रेसवे बनाना हमने सिखाया
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ही प्रदेश में आधुनिक एक्सप्रेसवे की नींव रखी। उन्होंने नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए कहा कि ये समाजवादियों की देन है और उस समय बेहतर सुविधाओं के साथ बनाए गए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार “ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे” के नाम पर अधूरे प्रोजेक्ट लॉन्च कर रही है।
EVM और चुनाव प्रणाली पर सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव प्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि दुनिया के कई विकसित देशों में अब भी बैलेट पेपर से मतदान होता है। उन्होंने भविष्य में बैलेट व्यवस्था लागू करने के लिए प्रयास करने की बात कही।
महिला आरक्षण पर सरकार को घेरा
महिला आरक्षण कानून को लेकर सपा प्रमुख ने कहा कि अगर सरकार चाहे तो इसे अगले चुनाव में लागू कर सकती है, लेकिन जानबूझकर इससे बच रही है।
अनुपमा जायसवाल से मुलाकात पर सफाई
बीजेपी विधायक से मुलाकात के सवाल पर अखिलेश यादव ने इसे सामान्य बातचीत बताया और कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय सपा के पक्ष में माहौल बन रहा है।
