अलीगढ़: दामाद संग भागने वाली अनीता देवी अब जीजा के साथ फरार, 2 लाख रुपये और जेवरात भी ले उड़ी
अलीगढ़ I अलीगढ़ से एक बार फिर रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पिछले साल अपनी बेटी शिवानी के होने वाले दामाद राहुल के साथ घर छोड़कर भागने वाली अनीता देवी ने अब नया मोड़ ले लिया है। करीब 10 महीने तक राहुल के साथ बिहार के सीतामढ़ी जिले के उसरैना गांव में रहने के बाद अनीता ने राहुल को छोड़कर अपने पूर्व पति जितेंद्र कुमार के जीजा के साथ फरार होने का फैसला किया है। दोनों अब कहीं गायब हैं।
जानकारी के अनुसार, अनीता देवी का राहुल के साथ रहते हुए अपने पूर्व पति के जीजा से संपर्क हुआ, जो कपड़ों का व्यापार करता है। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया। इसके बाद अनीता ने राहुल को छोड़कर बहनोई के साथ चली गईं। राहुल का आरोप है कि अनीता देवी जाते समय घर से 2 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात भी साथ ले गई हैं।
यह मामला पहले ही काफी चर्चित रहा था। अलीगढ़ के नगला मछरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने अपनी बेटी शिवानी की शादी राहुल से 16 अप्रैल 2025 को तय की थी। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और कार्ड भी बंट चुके थे, लेकिन शादी से महज 9 दिन पहले अनीता देवी राहुल के साथ फरार हो गई थीं। पुलिस ने दोनों को पकड़कर लाया था, लेकिन अनीता ने राहुल के साथ रहने का फैसला किया। कई पंचायतों के बावजूद दोनों अलग नहीं हुए और बिहार में रहने लगे।
अब 10 महीने बाद इस कहानी में नया ट्विस्ट आया है। राहुल इस पूरे घटनाक्रम से मानसिक रूप से परेशान है और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उसने अलीगढ़ के थाना दादों में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल बिहार होने का हवाला देकर मामला वापस कर दिया।
