Movie prime

SGPGI में महिला रेजिडेंट से यौन शोषण का आरोप, साथी डॉक्टर पर प्रताड़ना और धमकी देने के संगीन आरोप; FIR दर्ज
 

 
 SGPGI में महिला रेजिडेंट से यौन शोषण का आरोप, साथी डॉक्टर पर प्रताड़ना और धमकी देने के संगीन आरोप; FIR दर्ज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: SGPGI में एक महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने अपने ही साथी डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी डॉक्टर फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पीड़िता, जो पश्चिम बंगाल की मूल निवासी और वर्तमान में एमडी की छात्रा है, संस्थान के हॉस्टल में रह रही है। उसने आरोप लगाया कि नवंबर 2023 में पढ़ाई के दौरान उसकी आरोपी डॉक्टर से दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार, जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने उस पर गर्भपात का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने कई बार जबरन संबंध बनाए, नशा कराया और गर्भनिरोधक गोलियां भी दीं। घटनाएं हॉस्टल, विभाग, होटल और कार तक में हुईं।

जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी पीछे हट गया और अन्य लड़कियों से नजदीकियां बढ़ाने लगा। विरोध करने पर पीड़िता को बदनाम करने की कोशिश की गई, जिससे वह मानसिक अवसाद में चली गई। इस दौरान उसने एक बार आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन समय रहते बचा लिया गया।

न्याय के लिए पीड़िता पिछले दो महीनों से भटक रही थी। उसने 24 फरवरी को पुलिस में शिकायत दी, 16 मार्च को विशाखा कमेटी, 24 मार्च को वन स्टॉप सेंटर और 30 मार्च को महिला आयोग में गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई में देरी होती रही।

आखिरकार मंगलवार रात पुलिस ने आरोपी डॉक्टर, दिल्ली के नागलोई निवासी सचिन गुप्ता के खिलाफ BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

मामले में थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि विशाखा कमेटी की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।