Movie prime

अमरोहा की '3 बहनें-1 दूल्हा' शादी का सच आया सामने, जानें वायरल वीडियो की हकीकत
 

 
 अमरोहा की '3 बहनें-1 दूल्हा' शादी का सच आया सामने, जानें वायरल वीडियो की हकीकत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'तीन बहनों ने एक ही युवक से शादी कर ली' वाला वीडियो आखिरकार फर्जी निकला। इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं, लेकिन अब खुद वीडियो में नजर आ रही तीनों युवतियों ने सामने आकर सच्चाई बताई है।

तीनों युवतियों—सरोज, सावित्री और संतोष—ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी युवक से शादी नहीं की है। जिस युवक के साथ शादी का वीडियो बनाया गया था, उसका नाम विक्कू है। युवतियों के अनुसार यह पूरा वीडियो केवल प्रैंक कंटेंट था, जिसे सोशल मीडिया के लिए शूट किया गया था।

युवतियों ने बताया कि वीडियो शूट करने से पहले उन्होंने एक और वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वे केवल प्रैंक वीडियो बना रही हैं। हालांकि, यह वीडियो लोगों तक नहीं पहुंचा और शादी वाला वीडियो तेजी से वायरल हो गया। उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनकी गलती थी कि उन्होंने इस प्रैंक को इतने लंबे समय तक स्पष्ट नहीं किया।

तीनों बहनों ने बताया कि उन्होंने हाल ही में यूट्यूब पर अपना चैनल शुरू किया है, जहां उनके करीब 11 हजार सब्सक्राइबर हैं। वहीं इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 5 लाख फॉलोअर्स हैं। उन्होंने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से वीडियो बना रही हैं, लेकिन अभी तक उनकी कोई खास कमाई नहीं हो रही है। वीडियो में ज्यादातर तीनों बहनें ही अभिनय करती हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों को भी बुलाया जाता है।

नाबालिग लड़की के मामले पर भी युवतियों ने कहा कि चूंकि यह शादी वास्तविक नहीं थी, इसलिए शादी होने का सवाल ही नहीं उठता।

बाल कल्याण समिति के सामने हुई पेशी

वायरल वीडियो के बाद मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) तक पहुंचा। तीनों युवतियों को समिति के सामने पेश किया गया, जहां जांच के दौरान एक लड़की नाबालिग पाई गई। समिति के समक्ष तीनों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कोई वास्तविक शादी नहीं की थी और यह केवल सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के उद्देश्य से बनाया गया प्रैंक वीडियो था।