Movie prime

UP में युवाओं के लिए बनेगा इंटीग्रेटेड पोर्टल, AI करियर गाइडेंस से लेकर रोजगार तक मिलेंगी सुविधाएं
 

 
 UP में युवाओं के लिए बनेगा इंटीग्रेटेड पोर्टल, AI करियर गाइडेंस से लेकर रोजगार तक मिलेंगी सुविधाएं
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की युवा आबादी को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार नई युवा नीति तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नीति के बिंदुओं को अंतिम रूप देने का काम शुरू हो गया है। इसके तहत युवाओं से जुड़ी प्रमुख योजनाओं और सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए इंटीग्रेटेड यूथ पोर्टल विकसित करने का प्रस्ताव है।

इस पोर्टल पर शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, खेल, छात्रवृत्ति और स्वयंसेवी गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। युवाओं की डिजिटल आईडी विकसित करने का भी प्रस्ताव है, जिसके जरिए उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी जरूरतों को ट्रैक किया जा सकेगा।

AI आधारित करियर गाइडेंस और स्कॉलरशिप ट्रैकर

प्रस्तावित युवा पोर्टल पर AI आधारित करियर गाइडेंस, स्कॉलरशिप ट्रैकर, स्पोर्ट्स टैलेंट डेटाबेस, संभावित नौकरियों की जानकारी और वॉलंटियर रजिस्ट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

उत्तर प्रदेश की कुल आबादी में करीब 56 प्रतिशत हिस्सा वर्किंग एज ग्रुप का है। वहीं 18 से 29 वर्ष की आबादी लगभग 29 प्रतिशत है। सरकार इस बड़ी युवा आबादी को कुशल मानव संसाधन में बदलने पर जोर दे रही है।

सात प्रमुख आयामों पर केंद्रित होगी युवा नीति

नई युवा नीति में सात प्रमुख आयामों को शामिल किया गया है। इनमें शिक्षा एवं कौशल विकास, उद्यमिता, रोजगार एवं नवाचार, डिजिटल युवा, युवा स्वास्थ्य, खेल एवं फिटनेस, युवा नेतृत्व विकास तथा संस्कृति एवं विरासत प्रमुख हैं।

कौशल विकास के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, कोडिंग, साइबर सुरक्षा, ईवी टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, ड्रोन टेक्नोलॉजी और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। राज्य कौशल निधि, प्रोजेक्ट प्रवीण और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना को भी इससे जोड़ा जाएगा।

हर जिले में यूथ इनोवेशन हब का प्रस्ताव

सरकार युवाओं को जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके लिए एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय का प्रस्ताव है।

हर जिले में यूथ इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा स्टूडेंट स्टार्टअप फंड के जरिए युवा इनोवेटर्स को प्रोत्साहित किया जाएगा। इनोवेशन चैलेंज जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उद्यम शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।

युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर

युवा नीति में युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत फिट यूपी अभियान, मानसिक स्वास्थ्य क्लीनिक, ड्रग फ्री कैंपस, न्यूट्रिशन मिशन, वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण, योग और ध्यान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का प्रस्ताव है।

खेलों के विकास के लिए हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हर जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र और हर मंडल में हाई परफॉर्मेंस सेंटर विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

10 मिशनों के जरिए लागू करने की तैयारी

प्रस्तावित युवा नीति के विभिन्न आयामों को 10 मिशनों में समाहित करने की योजना है। इनमें मिशन युवा 2047, मिशन ओलंपिक यूपी, मिशन स्टार्टअप यूथ, मिशन फिट यूपी, मिशन डिजिटल युवा, मिशन स्किल 5.0, मिशन युवा स्वयंसेवक, मिशन ग्रीन यूथ, मिशन महिला नेतृत्व और मिशन ग्रामीण युवा शामिल हैं।