अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष, आशीष पटेल बोले- यूपी में पटेल समाज का भी होना चाहिए मुख्यमंत्री
लखनऊ। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को एक बार फिर अपना दल (सोनेलाल) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। सोमवार, 2 नवंबर को लखनऊ के कैसरबाग स्थित गांधी सभागार में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने प्रदेश में विभिन्न जातियों को मुख्यमंत्री पद पर प्रतिनिधित्व देने की बात कही।
यूपी में पटेल समाज का भी होना चाहिए मुख्यमंत्री: आशीष पटेल
सम्मेलन के दौरान उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद पर जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर पूछे गए सवाल पर आशीष पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोहार, कोहार, नाई, निषाद, प्रजापति और पटेल समेत सभी समाजों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
आशीष पटेल ने कहा कि उनकी प्रार्थना है कि मुख्यमंत्री के रूप में विभिन्न समाजों के लोगों को अवसर मिले। उन्होंने पटेल समाज से भी मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात कही।
विपक्ष को संविधान में कोई आस्था नहीं: अनुप्रिया पटेल
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद अनुप्रिया पटेल ने विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि दस लाख लोगों की भीड़ जुटाने की बात करने वाले विपक्षी दल एक लाख लोगों को भी एकत्र नहीं कर पाए।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की संविधान में कोई आस्था नहीं है। उन्होंने विपक्ष की गतिविधियों को राजनीतिक बेचैनी का परिणाम बताते हुए इंडिया गठबंधन के नेताओं को जनता के बीच जाकर काम करने की सलाह दी।
पीडीए को लेकर विपक्ष के दावों पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जिन वर्गों को लेकर विपक्ष दावे कर रहा है, वे पहले से ही उनकी पार्टी के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीडीए से जुड़े वर्गों के लिए कई घोषणाएं की हैं। अनुप्रिया पटेल ने दावा किया कि अपना दल (एस) लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने वाला राजनीतिक दल है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर भी दिया जवाब
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि फिलहाल अपना दल (एस) गठबंधन का हिस्सा है। सीटों के संबंध में पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय करेगा, वही मान्य होगा।
उन्होंने संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर तैयारियां तेज करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय सम्मेलन में पार्टी के नेतृत्व और आगामी राजनीतिक रणनीति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
