Movie prime

उत्तर प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों को सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगी इलाज की सुविधा
 

 
 उत्तर प्रदेश के आयुष्मान कार्ड धारकों को सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में मिलेगी इलाज की सुविधा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) जल्द ही 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करेगी।

प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं, जिनमें से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, नि:शुल्क जांच और गंभीर मरीजों के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध है।

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि अन्य 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। एमओयू होने के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को उपचार मिल सकेगा।

साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने कहा कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ समन्वय से मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी। खासकर गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के गंभीर रोगियों के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें अस्पताल पहुंचने में कोई दिक्कत न हो।

एमओयू के बाद इन अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा। इससे मरीजों के उपचार, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकेगी। सरकार का यह निर्णय गरीब और जरूरतमंद नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा I