होली पर यात्रियों को बड़ी सौगात: 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसें, उत्कृष्ट कर्मियों को मिलेगा 4500 रुपये तक प्रोत्साहन
लखनऊ I होली पर्व के मद्देनज़र योगी सरकार ने यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। 28 फरवरी से 9 मार्च तक प्रदेश भर में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभाला जा सके। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को 3600 से 4500 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है।
पश्चिमी यूपी और दिल्ली रूट पर विशेष फोकस
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रियों का दबाव अधिक रहता है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में पहले से पर्याप्त बसों और कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि निगम की शत-प्रतिशत बसें ऑनरोड रहें और अनुबंधित बसों के कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामियों को समय से मरम्मत कार्य पूर्ण कर बसों को संचालन योग्य रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलता है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर सख्ती
सरकार ने यात्रा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जाम या दुर्घटना की स्थिति में संचालन सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवर्तन दल लगातार ड्यूटी पर रहेंगे और चालकों-परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया जाएगा।
बसों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने, सीटों और खिड़कियों के शीशों की जांच, फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना
पर्व अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चालक-परिचालकों (संविदा एवं आउटसोर्सिंग सहित) को विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
* प्रतिदिन औसतन 300 किमी संचालन पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से 10 दिन में 3600 रुपये।
* 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी और निर्धारित मानक पूरा करने पर 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये।
* निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर संचालन पर प्रति किमी 55 पैसे अतिरिक्त मानदेय।
डिपो एवं क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को 10 दिन लगातार ड्यूटी पर 2100 रुपये और नौ दिन की ड्यूटी पर 1800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अतिरिक्त सम्मान
प्रोत्साहन अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही सर्वाधिक आय प्रति बस प्राप्त करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और सेवा प्रबंधकों तथा 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
