UP में श्रमिकों को बड़ी सौगात: 15 लाख मजदूरों को मिलेगा 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा, मजदूर दिवस पर सीएम योगी का ऐलान
लखनऊ। मजदूर दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 15 लाख श्रमिकों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का ऐलान किया। यह घोषणा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह के दौरान की गई।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अपने बचपन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले मजदूरों से काम तो कराया जाता था, लेकिन समय पर भुगतान नहीं किया जाता था। अब सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है, जिसमें श्रमिकों के अधिकार सुरक्षित रहें।
उन्होंने बताया कि उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए 5 लाख रुपये तक का बीमा सुनिश्चित करने की तैयारी चल रही है। साथ ही प्रदेश के एक करोड़ श्रमिकों को आयुष्मान योजना के तहत हेल्थ कार्ड देने की दिशा में भी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग विकास और समृद्धि के विरोधी हैं और समाज को भटकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि औद्योगिक अशांति से केवल नुकसान होता है, इसलिए इसे हर हाल में रोकना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने श्रमिकों को टूलकिट (हेलमेट, बैग और टैबलेट) देकर सम्मानित किया। अटल आवासीय विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी टैबलेट वितरित किए गए।
सीएम योगी ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस कठिन समय में सरकार ने श्रमिकों के लिए व्यापक इंतजाम किए। उन्होंने बताया कि 14 हजार बसें भेजकर श्रमिकों को घर पहुंचाया गया और करीब एक करोड़ लोगों के लिए भोजन व आवास की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही मुफ्त राशन की व्यवस्था आज तक जारी है।
उन्होंने कहा कि अब श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई कराई जा रही है और जेवर में श्रमिकों के बच्चों के लिए विशेष विद्यालय की आधारशिला रखी गई है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी श्रमिकों से संवाद कर उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि सरकार उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
