Movie prime

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बड़ा इजाफा, अब 12 हजार मिलेंगे; सहायिकाओं का भी बढ़ा मानदेय
 

 
 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बड़ा इजाफा, अब 12 हजार मिलेंगे; सहायिकाओं का भी बढ़ा मानदेय
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा कि अब उन्हें 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय भी 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानदेय बढ़ाने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त साड़ी के लिए भी निर्धारित राशि देने की घोषणा की गई।

‘नौ साल में आंगनबाड़ी व्यवस्था को व्यवस्थित किया’

सीएम योगी ने अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति खराब थी और कई केंद्र वीरान पड़े रहते थे। मुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले धन का दुरुपयोग किया जाता था।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित करने का काम किया है। साथ ही कार्यकर्ताओं के काम और जिम्मेदारियों को भी मजबूत किया गया है।

अयोध्या के विकास को लेकर सपा-कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास को लेकर सपा और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय अयोध्या में बिजली और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन अब शहर में बड़े स्तर पर विकास कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या अब सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है और शहर की तस्वीर तेजी से बदली है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पहले जहां कुछ घंटे ही बिजली उपलब्ध होती थी, वहीं अब अयोध्या रोशन हो चुकी है।

‘राम मंदिर का भी किया विरोध’

सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के विकास का विरोध किया, लेकिन विकास के लिए मजबूत इच्छाशक्ति जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं।