‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर BJP का हमला, मंत्री अनिल राजभर बोले- ऐसे ड्रामों से नहीं डरते
Lucknow : सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर अब उत्तर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। यूपी सरकार में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से भारतीय जनता पार्टी को कोई खतरा नहीं है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बुकलेट की जांच कराने की मांग भी उठाई है।
एक टीवी इंटरव्यू के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि “कॉकरोच जनता पार्टी” जैसे अभियान केवल राजनीतिक ड्रामा हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास अपना कोई ठोस एजेंडा नहीं होता, वे बाहर से मुद्दे और प्रतीक खोजकर राजनीति करने की कोशिश करते हैं।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि जब सपा सरकार में थी, तब उसने पूरे सिस्टम पर कब्जा कर पिछड़े समाज का हक छीना। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में 80 प्रतिशत से अधिक लाभ एक विशेष जाति को दिया गया।
मंत्री ने समाजवादी पार्टी द्वारा जारी बुकलेट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा फर्जी आंकड़े पेश कर समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करेंगे कि इस बुकलेट की जांच कराई जाए और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संविधान को लेकर भी मनगढ़ंत बातें फैलाईं और युवाओं की सोच को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अब बुकलेट के जरिए भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी “भारत विरोधी शक्तियों के हाथ का खिलौना” बन गए हैं।
